नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। नगरोटा बगवां पुलिस थाना के तहत सुनेहड़ पंचायत के समीप बनेर खड्ड में एक युवक का शव मिला है। मृतक की पहचान अंकित गुप्ता (25) मीरपुर कालोनी ढांगू रोड पठानकोट के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया है।
इस बारे मे पंचायत उपप्रधान अशोक कुमार ने पुलिस को सूचित किया। जैसे ही लोगों की नजर लाश पर पड़ी, वहां भीड़ जमा हो गई। नगरोटा बगवां पुलिस थाना के प्रभारी भारत भूषण की अगुवाई में टीम पहुंची। मृतक की पहचान उसकी जेब में पड़े मोटर वाहन लाइसेंस से हुई, जबकि शव के लगभग 200 मीटर दूर ऊंचे स्थान पर उसका बैग भी पुलिस ने बरामद किया है। इसमें आधार कार्ड और नए शिक्षण संस्थान के कुछ कागज भी हैं। थाना प्रभारी भारत भूषण ने बताया कि पुलिस छानबीन कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चलेगा।