धर्मशाला में मांगों के लिए प्रदर्शन करते हुए सीपीआईएम के सदस्य। संवाद
जातिगत छुआछूत-प्रताड़ना के विरोध में गरजी सीपीआईएम
रोहडू में बच्चे को आत्महत्या के लिए उकसाने वालों पर मांगी कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) जिला कांगड़ा कमेटी ने राज्य कमेटी के आह्वान पर रैली निकाली। इस दौरान रोहडू में लिंबड़ा निवासी 12 वर्षीय दलित बच्चे के साथ हुई जातिगत छुआछूत और प्रताड़ना के बाद आत्महत्या की घटना के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के बाद जिला प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया। इसमें 12 साल के दलित बच्चे की प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए मजबूर करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई गई।
पार्टी ने प्रदेश में दलितों और दबे कुचले तबकों के खिलाफ बढ़ती हिंसा व भेदभाव को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की। सरकार से मांग की कि इन घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं। पार्टी जिला सचिव अशोक कटोच ने कहा कि हिमाचल जैसे शिक्षित प्रदेश में इस तरह की जातिगत छुआछूत किसी भी तरह से बर्दाश्त नहीं की जा सकती। सरकार से मांग की कि पीड़ित परिवार को मुआवजा दिया जाए। प्रदर्शन में जिला कमेटी सदस्य जगदीश जग्गी, शोकिनी कपूर, केवल कुमार, प्रताप सिंह, चतर सिंह व धनवीर के अलावा लोकल कमेटी के ईश्वर, संग्राम, प्रकाश, मंजीत, अमर सिंह आदि शामिल रहे।