इंदौरा (कांगड़ा)। विकास खंड इंदौरा की ग्राम पंचायत इंदौरा में पंचायत चुनाव की मतगणना मंगलवार पूरी रात जारी रहने के बाद बुधवार सुबह संपन्न हुई। प्रधान पद के लिए इस बार चुनाव मैदान में 10 उम्मीदवार होने के कारण मुकाबला बेहद रोचक और कांटे का रहा। मंगलवार सुबह शुरू हुई मतदान प्रक्रिया देर शाम तक चली। इसके बाद रात करीब 10 बजे मतों की गिनती शुरू की गई।
मत पत्रों की संख्या अधिक होने और कड़े मुकाबले के चलते यह मतगणना बुधवार सुबह लगभग 9:30 बजे लगभग 11 घंटे बाद जाकर पूरी हो सकी। इस दौरान प्रधान पद के लिए कुल 2,749 मत पड़े, जिनमें से 70 वोट अमान्य घोषित किए गए, जबकि 2 मत नोटा के पक्ष में पड़े। एआरओ इंदौरा बलकार सिंह ने बताया कि उनकी 11 सदस्यों की टीम ने लगातार करीब 26 घंटे तक कार्य किया। टीम मंगलवार सुबह 7 बजे से ड्यूटी पर तैनात थी।
उन्होंने बताया कि मैदान में 10 प्रत्याशी होने के कारण बैलेट पेपर काफी लंबा था, जिसे बहुत सावधानी से जांचना और गिनना पड़ रहा था। इसके अलावा पंचायत बड़ी होने के कारण मत पत्रों की संख्या ज्यादा थी और पंचायत घर में जगह कम थी, जिसकी वजह से मतगणना में पूरी रात से लेकर सुबह तक का समय लग गया।
गौरतलब है कि इस पंचायत के कुल 11 वार्डों में से 7 वार्ड सदस्यों का चयन पहले ही निर्विरोध हो चुका था। नतीजों के इंतजार में पूरी रात पंचायत घर के बाहर समर्थकों की भारी भीड़ जमा रही। कड़ाके की ठंड के बावजूद लोग अपने-अपने पसंदीदा प्रत्याशियों के समर्थन में सड़क पर डटे रहे और सुबह तक चुनाव परिणामों का इंतजार करते रहे। इसके चलते पूरे क्षेत्र में रात भर चुनावी माहौल पूरी तरह गर्माया रहा।