धर्मशाला। जिला कांगड़ा में एक बार फिर कोरोना संक्रमण की रफ्तार तेज होने लगी है। जिले में 44 दिनों बाद कोरोना संक्रमण के 41 मामले सामने आए हैं, जिसमें से नर्सिंग कालेज योल की 10 प्रशिक्षु नर्सें शामिल हैं। वहीं 22 लोगों ने महामारी को मात भी दी है और एक बुजुर्ग महिला ने टांडा मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ दिया है।
सीएमओ कांगड़ा डॉ. गुरदर्शन गुप्ता ने बताया कि जसौर गांव की 63 वर्षीय बुजुर्ग महिला की टांडा अस्पताल में मौत गई है। उन्होंने बताया कि नर्सिंग कॉलेज योल में करीब 60 प्रशिक्षु नर्सों के सैंपल लिए गए थे, जिसमें से 10 कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्होंने बताया कि अब अन्य नर्सों व स्टाफ के कोरोना टेस्ट किए जाएंगे।
सीएमओ ने बताया कि जिले में अब दो हजार के करीब लोगों की कोरोना टेस्टिंग की जा रही है। जिले में संक्रमण के अभी तक कुल 46443 मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें से 45194 मरीजों ने वायरस से जंग जीत ली है। वहीं 205 एक्टिव केस पहुंच गए हैं और 1040 मरीजों की मौत दर्ज की गई है।