धर्मशाला। जिला कांगड़ा में रविवार को बाजार बंद होने के कारण कोरोना जांच भी कम हुई। इस कारण जिला कांगड़ा में रविवार को कोरोना के मामलों में भी कमी आई है। दलाई लामा मंदिर मैक्लोडंगज के 10 कर्मियों सहित जिला में 152 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं जयसिंहपुर के संघोल गांव की 63 वर्षीय महिला की टांडा अस्पताल में कोरोना संक्रमण के कारण मौत हो गई है।
जिले में रविवार को नूरपुर सब जेल के तीन जवान, पुलिस लाइन धर्मशाला के दो जवान, एसएसबी सपड़ी का एक जवान, टीसीवी धराटी के छह लोग, बीड़ के छह लोग, योल कैंट के छह लोग और दो पर्यटकों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सीएमओ कांगड़ा डॉ. गुरदर्शन गुप्ता ने बताया कि इस समय जिला कांगड़ा में एक्टिव केस का आंकड़ा 2013 पहुंच गया है और 1182 संक्रमित मरीजों की वायरस के कारण मौत हो चुकी है। उन्होंने बताया कि अभी तक जिला कांगड़ा में कोरोना संक्रमण के कुल 55568 मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें से 52368 संक्रमितों ने वायरस को मात दे दी है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि कोरोना के लक्षण आ रहे हैं तो जल्द कोरोना जांच करवाएं और खुद को आइसोलेट कर लें।