धर्मशाला। जिले में बुधवार को टीसीपी स्कूल मैक्लोडगंज कैंट के सात विद्यार्थियों और तीन शिक्षकों सहित 49 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं 31 संक्रमितों ने वायरस को मात दी है। जयसिंहपुर के हरोट गांव के 78 वर्षीय बुजुर्ग की टांडा मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई है।
सीएमओ कांगड़ा डॉ. गुरदर्शन गुप्ता ने बताया कि बुधवार को 18 वर्ष की आयु से कम वाले 13 बच्चों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इस समय जिला में कोरोना के 415 एक्टिव केस हो गए हैं। उन्होंने बताया कि अभी जिला कांगड़ा में कोरोना संक्रमण के कुल 51527 मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें से 49947 संक्रमित मरीजों ने वायरस को मात दे दी है। वहीं 1160 मरीजों की कोरोना संक्रमण के कारण मौत हो गई है। सीएमओ ने कोविड नियमों का कड़ाई से पालना करने की सलाह दी है। उन्होंने लोगों से कोविड वैक्सीन की दोनों डोज लगवाने की अपील की है।