धर्मशाला में बुधवार को दोपहर बाद शुरू हुई बारिश से बचने के लिए कपड़े और बैग से अपने आप को ढ़के
- फोटो : mathura
धर्मशाला। लगातार बारिश ने जिले के किसानों की चिंता बढ़ा दी है, खासकर गेहूं की फसल को व्यापक नुकसान हुआ है। बुधवार को जिले में कई जगह बारिश हुई, इससे खेतों में गेहूं की फसल भीग गई। कृषि विभाग के अनुसार अकेले गेहूं की फसल को 8,240 हेक्टेयर क्षेत्र में 52 लाख रुपये का नुकसान हुआ है, जबकि सब्जियों और अन्य फसलों को 96 हेक्टेयर क्षेत्र में 4.95 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। जिले में बुधवार को धर्मशाला, सुलह, शाहपुर सहित अन्य क्षेत्रों में बादल छाए रहे और शाम के समय धर्मशाला शहर सहित रैत के क्षेत्र में करीब आधा घंटा हल्की बारिश हुई। जहां किसानों को फसल खराब होने की चिंता सता रही है, वहीं बागवानी से जुड़े बागवानों के लिए यह बारिश लाभदायक सिद्ध हो रही है। बागवानी फसलों को नमी मिलने से उनकी उत्पादकता बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं, कई किसान अब भी मौसम साफ होने का इंतजार कर रहे हैं ताकि गेहूं की फसल की कटाई का कार्य शुरू किया जा सके। उधर, बुधवार को सुबह के समय कई क्षेत्रों में बारिश होने के बाद तापमान में गिरावट आई। कुछ क्षेत्रों के लोगों ने सुबह और दोपहर बाद हुई बारिश के बाद गर्म कपड़े पहने। वहीं, कुछ क्षेत्रों में दिन के समय हल्के बादलों के बीच धूप खिली।
लगातार हो रही बारिशों से किसानों की फसलों को नुकसान हो रहा है। खराब मौसम और बारिशों से अब तक कांगड़ा में फसलों को अब तक 56.95 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
-कुलदीप धीमान, उपनिदेशक कांगड़ा, कृषि विभाग स्थित पालमपुर