रैत (कांगड़ा)। जाइका परियोजना के अंतर्गत बहाव सिंचाई योजना डोंडू कूहल का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। इसके बाद एडीएम शिल्पी बेक्टा ने कूहल को कृषक विकास समूह को विधिवत हस्तांतरित कर दिया। साथ ही किसानों को टूल किटें भी वितरित की गईं।
खंड परियोजना प्रबंधक शाहपुर डॉ. अंकिता शर्मा ने बताया कि इस परियोजना से 262 किसान परिवारों की लगभग 29.04 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा से जोड़ा गया है। दो किलोमीटर लंबी कूहल के निर्माण पर लगभग 49 लाख रुपये की लागत आई है। इस मौके पर जिला परियोजना प्रबंधन पालमपुर से डॉ. रजनीश शर्मा भी मौजूद रहे।
उन्होंने किसानों को नकदी फसलें उगाने, उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाने और परियोजना के संचालन व रखरखाव संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव दिए। हस्तांतरण कार्यक्रम में ग्राम पंचायत प्रधान सुषमा देवी, कृषक विकास समूह की प्रधान निशा देवी, सचिव रीना देवी सहित अनेक किसान और अधिकारी उपस्थित रहे। जाइका परियोजना के तहत बनी यह कूहल क्षेत्र के किसानों के लिए एक बड़ी सुविधा साबित होगी, जिससे जल संरक्षण के साथ-साथ कृषि उत्पादन में भी वृद्धि होगी।