धर्मशाला। जिले के बनखंडी में निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय स्तर के ''दुर्गेश अरण्य जूलॉजिकल पार्क'' बनखंडी का निर्माण अब दो चरणों में पूरा किया जाएगा। लगभग 619 करोड़ रुपये की लागत से आकार ले रहे इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के पहले चरण में सड़क के एक तरफ के हिस्से में विकास कार्य निपटाए जा रहे हैं। इसके पूरा होने के बाद सड़क की दूसरी ओर दूसरे चरण का काम शुरू होगा। पहले चरण में बाड़बंदी (फेंसिंग) का लगभग 90 फीसदी कार्य पूरा हो चुका है और सरकार का लक्ष्य अगले साल के अंत तक इस बहुप्रतीक्षित जूलॉजिकल पार्क को पर्यटकों के लिए शुरू करने का है।
पहले चरण के तहत बाड़बंदी के साथ-साथ अत्याधुनिक वन्यजीव अस्पताल, क्वारंटीन सेंटर, प्रशासनिक भवन, पार्किंग, फूड कमिसरी, सीवरेज, पेयजल और विद्युत आपूर्ति जैसी बुनियादी सुविधाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है। इन सभी कार्यों के लिए विभाग ने अलग-अलग निर्माण पैकेज जारी कर काम तेज कर दिया है। योजना के अनुसार, पार्क में पर्यटकों के आकर्षण के लिए भव्य ''लायन सफारी'' स्थापित की जाएगी। वन्यजीवों के लिए प्राकृतिक आवास जैसा सुरक्षित माहौल तैयार करने के उद्देश्य से कई छोटी झीलों का भी निर्माण किया जा रहा है, जिससे जानवर पानी पीने के साथ गर्मियों में राहत पा सकें।
-
बनखंडी में जूलॉजिकल पार्क का निर्माण पूरी गति से चल रहा है। पहले चरण में बाड़बंदी का 90 फीसदी काम पूरा कर लिया गया है और शेष कार्य भी तेजी से निपटाए जा रहे हैं। इसके बाद सड़क की दूसरी ओर दूसरे चरण का काम आगे बढ़ाया जाएगा। प्रदेश सरकार द्वारा परियोजना के लिए निरंतर फंडिंग की जा रही है और उम्मीद है कि अगले साल तक पार्क जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। -सरोज भाई पटेल, मुख्य अरण्यपाल (वन्य प्राणी विभाग), नॉर्थ जोन।