देहरा में बनने जा रहा कंबाइड आफिस बिल्डिंग का चित्र। स्रोत: विभाग
- फोटो : संवाद
देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। देहरा में अशोक स्तंभ चौक के समीप कंबाइंड ऑफिस के बहुमंजिला भवन के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। इसके निर्माण पर करीब 67 करोड़ रुपये खर्च आने का अनुमान है, जो कि करीब 18 कनाल भूमि पर बनाया जाएगा। लोक निर्माण विभाग ने इसकी टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह भवन लोक निर्माण विभाग और बिजली बोर्ड के पुराने कार्यालयों को ध्वस्त करके बनाया जाएगा। शीघ्र ही इन दोनों विभागों को अस्थायी तौर पर दूसरी जगहों पर शिफ्ट कर दिया जाएगा। इसमें चार ब्लाॅक होंगे और सभी पांच मंजिला होंगे, जिन्हें दो मंजिलों तक बढ़ाया जा सकेगा।
इस भवन में कई विभाग समाहित होंगे। इसमें लोक निर्माण विभाग और बिजली बोर्ड के अलावा एसपी और एडीसी कार्यालय भी होगा। इसके अलावा सर्किल कार्यालय भी होंगे। इस भवन को दो साल के भीतर पूरा करने के निर्देश मुख्यमंत्री कार्यालय से मिले हैं।
वाहनों की होगी पार्किंग
बहुमंजिला भवन के बेसमेंट में पार्किंग का निर्माण भी किया जाएगा। इसमें करीब 100 से अधिक वाहनों को खड़ा करने की सुविधा होगी। भवन में पार्किंग के साथ एक गार्डन बनाने का भी प्रस्ताव है। इसके चारों ओर सड़क का निर्माण भी किया जाएगा। इसमें करीब चार गेट होंगे। एसपी कार्यालय और एडीसी कार्यालय के लिए अलग गेट होगा।
कंबाइंड आफिस बिल्डिंग निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। शीघ्र ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। भवन पर करीब 67 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। कंबाइंड आफिस भवन में पार्किंग स्थल भी होगा।
सुरेश वालिया, एक्सईएन, लोक निर्माण विभाग, मंडल देहरा