रैहन (कांगड़ा)। पुलिस थाना फतेहपुर के अंतर्गत जसूर-तलवाड़ा मार्ग पर खुखनियाड़ा में शनिवार को दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में एक 20 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार दोनों बाइकों पर दो-दो लोग सवार थे। हादसे में अभिषेक (20) पुत्र रवि कुमार, निवासी झिकली मोच्छ की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दूसरी बाइक चला रहा गुरमीत सिंह (24) पुत्र दर्शन सिंह, निवासी भडवार (नूरपुर) गंभीर रूप से घायल हो गया। गुरमीत को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में उच्च संस्थान रेफर कर दिया गया, जिसके बाद परिजन उसे पठानकोट के एक निजी अस्पताल ले गए हैं। हादसे में घायल दो अन्य सवारों का उपचार नागरिक अस्पताल फतेहपुर में चल रहा है। पुलिस ने मृतक के शव को सुपुर्दगी में ले लिया है। डीएसपी जवाली बीरी सिंह ने बताया कि पुलिस दुर्घटना के कारणों की गहनता से जांच कर रही है।