रैत में एनएचएआई के खिलाफ प्रदर्शन करते निजी महाविद्यालय के विद्यार्थी। -स्रोत : जागरूक पाठक
शाहपुर (कांगड़ा)। उपमंडल शाहपुर के रैत स्थित निजी महाविद्यालय के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर फुटब्रिज न होने से छात्रों का आक्रोश फूट पड़ा है। मंगलवार को भारी संख्या में छात्रों ने प्रशासन और एनएचएआई के खिलाफ जमकर रोष प्रदर्शन और नारेबाजी की। छात्रों का आरोप है कि तेज रफ्तार वाहनों के बीच हाईवे पार करना उनके लिए किसी खतरे से कम नहीं है, लेकिन विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है।
प्रदर्शनकारी छात्रों ने बताया कि निजी कॉलेज में करीब 900 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। आने-जाने के दौरान उन्हें दिन भर में कई बार व्यस्त हाईवे क्रॉस करना पड़ता है। भारी ट्रैफिक और वाहनों की तेज गति के कारण यहां हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। छात्रों ने दो टूक चेतावनी दी कि यदि जल्द ही फुटब्रिज का निर्माण शुरू नहीं हुआ, तो वे अपने आंदोलन को और उग्र करेंगे।
वहीं, छात्रों ने जिलाधीश कांगड़ा से पुरजोर मांग की है कि विद्यार्थियों के व्यापक हित और सुरक्षा को देखते हुए जल्द से जल्द भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी की जाए ताकि यहाँ फुटब्रिज बन सके।
डीसी मुहैया करवाएं जमीन, बना देंगे फुटब्रिज : विकास
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर विकास सुरजेवाला मौके पर पहुंचे और छात्रों से बातचीत की। उन्होंने छात्रों की मांग को जायज ठहराते हुए कहा कि वे इस संबंध में उच्च अधिकारियों से चर्चा करेंगे। हालांकि, उन्होंने गेंद प्रशासन के पाले में डालते हुए स्पष्ट किया कि छात्रों की सुरक्षा सर्वोपरि है। यदि उपायुक्त कांगड़ा फुटब्रिज के लिए आवश्यक जमीन मुहैया करवा देते हैं, तो एनएचएआई जल्द ही निर्माण कार्य शुरू करवा देगी।