देहरागोपीपुर/डाडासीबा (कांगड़ा)। राष्ट्रीय राजमार्ग-503 पर चालाली के समीप सोमवार सुबह एचआरटीसी बस और बाइक की आमने-सामने की जोरदार टक्कर में एक 20 वर्षीय कॉलेज छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान गुराल निवासी दीपक भारद्वाज के रूप में हुई है, जो ढलियारा स्थित एक निजी कॉलेज में बीसीए पांचवें सेमेस्टर का छात्र था।
पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार कमलेश कुमार का बेटा दीपक सोमवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे बाइक से कॉलेज जा रहा था। इसी दौरान चालाली के पास उसकी बाइक की भिड़ंत धर्मशाला से होशियारपुर जा रही एचआरटीसी की बस से हो गई। टक्कर इतनी भयंकर थी कि घायल दीपक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतक के पिता गांव में ही किराने की दुकान चलाते हैं। हादसे की सूचना मिलते पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को सुपुर्दगी में लेकर नागरिक अस्पताल देहरा में पोस्टमार्टम करवाया और परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया गया। एसपी देहरा संदीप धवल ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।