खैरा (कांगड़ा)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खैरा में एक नए चिकित्सक की तैनाती हो गई है। खंड चिकित्सा अधिकारी जयसिंहपुर डॉ. मुनीश राणा ने बताया कि डॉ. आकांक्षा चांद ने सीएचसी खैरा में ज्वाइन किया है। अब यहां चिकित्सकों की संख्या दो हो गई है।
गत सप्ताह एक चिकित्सक के पीजी में चयन के बाद स्वीकृत चार पदों में से तीन रिक्त हो गए थे। 24 घंटे आपातकालीन सेवाएं देने वाले इस संस्थान में एक ही चिकित्सक होने से अन्य संस्थानों से प्रतिनियुक्ति पर डॉक्टर लाने पड़ रहे थे। इससे स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रभावित हो रही थीं। नई तैनाती से सीएचसी खैरा को बड़ी राहत मिलेगी।
वाहे दा पट्ट के पंचायत प्रधान विनोद कुमार, पूर्व प्रधान रसम पाल, उप प्रधान राजेंद्र कटोच, ब्लॉक समिति सदस्य निधि राणा, पंचायत प्रधान सिम्मी रानी सहित अन्य ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री कर्नल धनी राम शांडिल तथा विशेष रूप से आयुष एवं युवा खेल मंत्री यादविंद्र गोमा का आभार व्यक्त करते हुए शेष दो रिक्त पदों पर भी शीघ्र तैनाती की मांग की है।
आयुष एवं युवा खेल मंत्री यादविंद्र गोमा ने कहा कि शेष दो रिक्त पदों पर भी जल्द तैनाती की जाएगी, ताकि अस्पताल में आने वाले रोगियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।