जसूर (कांगड़ा)। रेलवे स्टेशन जसूर में भैया दूज के दिन एक महिला के गले से स्नैचर ढाई तोले सोने की चेन छीनकर फरार हो गया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर छानबीन शुरू की है।
जानकारी के मुताबिक महिला रेलवे स्टेशन पर खड़ी थी। उसी दौरान वह ट्रेन पर चढ़ने लगी तो एक शातिर महिला की चेन झपटकर ले गया। महिला जसूर से हरिपुर जाने की तैयारी कर रही थी। पीड़ित महिला मधु निवासी हरिपुर ने बताया कि वह जसूर रेलवे स्टेशन से टिकट लेकर हरिपुर की ओर से जा रही थी। जैसे ही ट्रेन पर चढ़ी पीछे से किसी ने उसकी चेन खींच ली। उसने शोर मचाया, लेकिन चोर रफूचक्कर हो गया। इसी दौरान एक कुरियर में काम करने वाले युवक ने शातिर को भागते देख लिया। उसने उस व्यक्ति का पीछा किया तो वह भागकर पुरानी सब्जी मंडी से इंदौरा जाने वाली बस में बैठा हुआ था। वह स्नेचर को खींचकर रेलवे स्टेशन पर ले आया। रेलवे स्टेशन मास्टर ने इस संदर्भ में पुलिस को सूचित किया। नूरपुर थाना प्रभारी मोहन लाल भाटिया अपनी टीम के साथ पहुंचे और आरोपी के जाने वाले रास्ते पर चेन की तलाश की, लेकिन उसके पास चेन नहीं मिली। आरोपी की पहचान हंस सिंह पुत्र हमीर सिंह निवासी संगरूर के तौर पर हुई है। पुलिस युवक को पूछताछ के लिए पुलिस स्टेशन ले गई है।