बैजनाथ (कांगड़ा)। उपमंडल के एक व्यक्ति राकेश कुमार के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। 13 अगस्त को राकेश ने थाना बैजनाथ में शिकायत दर्ज करवाई थी कि अज्ञात व्यक्तियों ने उनकी कार रोकी और उनसे व उनकी बेटी के साथ मारपीट की।
पुलिस जांच में आरोप झूठे पाए गए। चिकित्सकीय रिपोर्ट तकनीकी साक्ष्य और गवाहों के आधार पर यह पाया गया कि राकेश द्वारा बताए गए वाहन और घटना विवरण असत्य थे।
वहीं, घटना के समय बोलेरो कैंपर चालक अवतार सिंह राणा ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। उन्होंने बताया कि राकेश नशे में वाहन चला रहा था और उसने उन्हें गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी। साथ ही, राकेश ने यह भी कहा कि वह अवतार को अपनी बेटी के साथ छेड़छाड़ के झूठे आरोप में फंसाएगा। अवतार ने इस घटना का वीडियो साक्ष्य भी पुलिस को सौंपा।
पुलिस अधीक्षक कांगड़ा अशोक रत्न ने बताया कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर राकेश के खिलाफ पुलिस को गुमराह करने और झूठी शिकायत दर्ज करवाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। दोनों पक्षों की शिकायतों पर निष्पक्ष जांच जारी है।