खोली खड्ड के तेज बहाव में अज्ञात व्यक्ति के बहने की सूचना मिलने के बाद पुहाड़ा पुल पर पहुंचे उप
धर्मशाला। उपमंडल शाहपुर के रिहलू और पुहाड़ा क्षेत्र से गुजरने वाली खोली खड्ड में रविवार दोपहर बाद पानी के तेज बहाव में एक अज्ञात व्यक्ति बहता हुआ दिखाई दिया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद समूचे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। आशंका जताई जा रही है कि शव ऊपरी धारकंडी क्षेत्र से बहकर आया है।
जानकारी के अनुसार रविवार को खड्ड में जलस्तर बढ़ने पर स्थानीय लोग वीडियो बना रहे थे, तभी पानी के तेज बहाव में एक व्यक्ति बहता दिखा। लोगों ने उसे निकालने का प्रयास किया, लेकिन बहाव अत्यधिक तेज होने के कारण सफलता नहीं मिली। सूचना मिलते ही उप मुख्य सचेतक एवं शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया, स्थानीय प्रशासन और पुलिस अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे।
विधायक ने जिलाधीश और जिला पुलिस प्रशासन से दूरभाष पर बात कर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए, ताकि शव को निकालकर परिजनों को सौंपा जा सके। उन्होंने लोगों से भारी बारिश के दौरान नदी-नालों से दूर रहने की भी अपील की। एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने बताया कि घटना के बाद नगरोटा सूरियां और लंज क्षेत्र की पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है। साथ ही ऊपरी क्षेत्रों में हाल ही में लापता हुए व्यक्तियों का रिकॉर्ड खंगालकर शव की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
उधर, एक अन्य मामले में शनिवार को गगल थाना के तहत मंदल में मनूनी खड्ड किनारे मिले युवक का शव मिला। युवक शंकर राजा (25) धर्मशाला के दाड़ी का रहने वाला था। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।