नीट पेपर लीक मामले को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी इंदौरा। -जागरुक पाठक
इंदौरा (कांगड़ा)। नीट पेपर लीक मामले को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी इंदौरा शनिवार को सड़कों पर उतर आई। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष दविंद्र मनकोटिया के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने वन विभाग के विश्राम गृह से तहसील कार्यालय तक रोष रैली निकाली और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस प्रदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के पदाधिकारी व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि नीट पेपर लीक प्रकरण ने देश की परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और यह लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने केंद्र सरकार पर जवाबदेही से बचने का आरोप लगाते हुए कहा कि जब तक इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए कथित बल प्रयोग की भी तीव्र निंदा की। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाने वाले युवाओं का दमन करना दुर्भाग्यपूर्ण है।