देेहरागोपीपुर (कांगड़ा)। देहरा के ब्यास पुल पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठी उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई है। मृतक की पहचान प्रगट सिंह (40) निवासी नौशेरा गुरदासपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार बाइक सवार दंपती निचले सुनहेत में ईंट के भटठे पर काम करता था। दोनों पति-पत्नी शनिवार सुबह अपने काम पर जा रहे थे कि देहरा के हनुमान चौक के पास ब्यास पुल पर पुल पर कैंटर ने आगे चल रहे बजरी से भरे ट्रैक्टर को ओवरटेक करने की कोशिश की, लेकिन अनियंत्रिण होने के कारण कैंटर ने ट्रैक्टर को पीछे से टक्कर मार दी।
इस कारण बजरी से भरे ट्रैक्टर की ट्राली पलट गई और इसकी चपेट में बाइक सवार दंपती आ गई। हादसा इतना भयानक था कि बाइक सवार का सिर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया था। इस कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई और मृतक की पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल परमजीत को इलाज के लिए तुरंत सिविल अस्पताल देहरा पहुंचाया गया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे इलाज के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। डीएसपी देहरा अंकित शर्मा ने हादसे की पुष्टि की है। बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। उन्होंने बताया कि इस हादसे के बाद पुल में एक घंटे का लंबा जाम लगा रहा। जिसे पुलिस विभाग ने नियंत्रित कर सड़क मार्ग पर यातायात सुचारु किया।