जल्द ही बनूरी क्षेत्र के लोगों को पेयजल किल्लत से निजात मिल जाएगी। इलाके में जल्द ही एक बड़ी पेयजल योजना का निर्माण किया जाएगा। सरकार की ओर से इस योजना के लिए साढ़े तीन करोड़ रुपये की मंजूरी दे दी है, जबकि इस योजना का मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह शिलान्यास भी कर चुके हैं।
योजना से करीब छह गांवों के हजारों लोग लाभान्वित होंगे। जानकारी के अनुसार बनूरी और बनूरी खास के लोगों को पेयजल की किल्लत से जल्द छुटकारा मिलेगा। विभाग ने इस इलाके के लिए एक नई पेयजल योजना तैयार की है। योजना पर करीब 357.41 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। सरकार ने इसकी मंजूरी दे दी है। योजना तैयार होने पर बनूरी के चार गांव बनूरी, बनूरी खास, जलेहड़ और मतरेहड़ और पंचायत बनूरी खास के भरमात ऊपरली और मुहाल होल्टा के गांवों को पानी मिलेगा। लिहाजा, इस योजना से करीब 15 हजार लोगों को पानी मिलेगा।
योजना बनने के बाद हर दिन एक व्यक्ति 70 लीटर पानी आसानी से खर्च कर सकता है। इस योजना के लिए पानी आवा खड्ड से लिया जाएगा। आवा खड्ड पर बनने वाली इस पेयजल योजना के तैयार होते ही इन गांवों में गर्मियों में भी पेयजल की कोई किल्लत नहीं होगी। उधर, आईपीएच विभाग के एसई आरके महाजन ने कहा कि योजना तैयार होने के बाद इलाके के लोगों को पेयजल की किल्लत नहीं आएगी। पेयजल योजना से छह गांवों के लोगों को पानी मिलेगा।