हमीरपुर। पुलिस थाना बड़सर के तहत लहड़ा में छह ग्राम चिट्टा बरामदगी मामले की जांच अब बड़े नशा नेटवर्क तक पहुंच गई है। मनी ट्रेल और बैंक लेनदेन की परतें खंगालते हुए हमीरपुर पुलिस कथित मुख्य सप्लायर तक पहुंच गई है।
पुलिस ने शिमला जेल में बंद बिहार निवासी विशाल को प्रोडक्शन वारंट पर हमीरपुर लाकर गिरफ्तार किया है। मंगलवार को उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से चार दिन का पुलिस रिमांड मिला है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि विशाल कथित तौर पर नॉर्थ जोन में सक्रिय चिट्टा नेटवर्क का बड़ा सप्लायर है। उसके खातों में लाखों रुपये के लेनदेन की जानकारी भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि आरोपी लग्जरी लाइफस्टाइल जीता था और लंबे समय से पुलिस के रडार पर था।
जानकारी के अनुसार, शिमला पुलिस ने करीब एक माह पहले उसे बिहार से गिरफ्तार किया था। इससे पहले आरोपी कई बार दबिश के बावजूद पकड़ में नहीं आया था और पंजाब के मोहाली से भागकर अपने गांव बिहार में छिप गया था, जहां से बाद में उसे गिरफ्तार किया गया।
लहड़ा में 15 फरवरी को दो युवकों से छह ग्राम चिट्टा बरामद होने के बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया। शुरुआती जांच में गिरफ्तार आरोपी रविंद्र और अमित के तार ललित से जुड़े मिले, फिर सुनील और तिलकराज तक कड़ियां जुड़ती गईं। वहीं, बैंक खातों की जांच में विशाल का नाम सामने आया।
इसके बाद पुलिस ने उसे शिमला जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाने की प्रक्रिया शुरू की। अब पुलिस रिमांड के दौरान नेटवर्क, सप्लाई चैन और वित्तीय लेनदेन को लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। मामले की पुष्टि एसपी हमीरपुर बलबीर सिंह ने की है।