संवाद न्यूज एजेंसी
जवाली/रैहन (कांगड़ा)। विकास खंड जवाली के अंतर्गत पंचायती राज संस्थाओं के आगामी चुनावों के सफल एवं निष्पक्ष संचालन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को सहायक रिटर्निंग अधिकारी (एआरओ) के लिए रिहर्सल कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसकी अध्यक्षता जवाली के एसडीएम नरेंद्र जरियाल ने की।
रिहर्सल के दौरान बीडीओ मनोज शर्मा ने एआरओ को मतदान प्रक्रिया, नामांकन, स्क्रूटनी, मतदान केंद्र प्रबंधन, मतगणना सहित विभिन्न चरणों की बारीकियों से अवगत कराया। मतदान केंद्रों पर व्यवस्था बनाए रखने, ईवीएम/मत पत्रों की सुरक्षा, आचार संहिता के पालन और मतदाताओं को सुविधा प्रदान करने संबंधी निर्देश भी दिए गए। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के 62 अधिकारी और चुनाव ड्यूटी में तैनात कर्मी भी मौजूद रहे।