धर्मशाला। मेरा युवा भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की ‘मेरा युवा भारत’ योजना के तहत युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के लिए राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों की दो साल की इंटर्नशिप योजना के लिए भर्ती शुरू की गई है। इसके लिए युवाओं से आवेदन मांगे हैं। यह पहल युवाओं को समाज में सक्रिय भागीदारी और जिम्मेदार नागरिक बनने का अवसर प्रदान करती है।
मेरा युवा भारत के उप निदेशक ध्रुव डोगरा ने बताया कि चयनित स्वयंसेवक स्वास्थ्य, साक्षरता, स्वच्छता, लैंगिक समानता, सामाजिक सद्भाव, आपदा प्रबंधन, प्रशासनिक सहायता और सरकारी अभियानों में नेतृत्व करेंगे। जिला कांगड़ा के सभी ब्लॉक क्षेत्रों में स्वयंसेवकों की नियुक्ति की जाएगी।
पात्रता के अनुसार न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता कक्षा 10वीं उत्तीर्ण और आयु 18–29 वर्ष (1 अप्रैल 2025 तक) होनी चाहिए। चयनित उम्मीदवार को प्रतिमाह 5 हजार रुपये मानदेय मिलेगा। यह कोई वेतनभोगी या संविदात्मक नियुक्ति नहीं है और इससे भविष्य में सरकारी सेवा में नियुक्ति का कोई अधिकार नहीं मिलेगा। आवेदन के लिए वेबसाईट लिंक https://nyks.nic.in/nycapp/main.asp है।