पानी की समस्या को लेकर एसडीओ कार्यालय फतेहपुर में पहुंचे पंचायत समलेट के लोग। स्रोत: ग्रामीण
फतेहपुर (कांगड़ा)। जल शक्ति विभाग उपमंडल फतेहपुर की ग्राम पंचायत समलेट के ग्रामीण वीरवार को विभाग के सहायक अभियंता कार्यालय में पानी की समस्या को लेकर पहुंचे। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से उन्हें पीने का पानी नहीं मिल रहा है। समलेट पंचायत प्रधान प्रवीन कुमार के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने पेयजल आपूर्ति सुचारू न मिलने पर विरोध जताते हुए इसका शीघ्र समाधान की मांग उठाई।
प्रतिनिधिमंडल की समस्या पर जल शक्ति विभाग उपमंडल फतेहपुर के सहायक अभियंता अभिलाष सनौरिया ने कहा कि प्रतिदिन पानी का स्तर कम हो रहा है। समलेट में बने चेक डेम की मरम्मत के चलते चार-पांच दिन तक विभिन्न गांवों में पेयजल आपूर्ति बाधित रखी गई थी। इस चेकडैम के के जरिये पानी फील्टर कर करीब 10 गांवों को सप्लाई दी जाती है। चेक डैम में हो रही लीकेज कारण पानी ठहर नहीं रहा था, जिसके चलते उसकी मरम्मत बहुत जरूरी थी। इस समस्या का पता चलने पर विभाग ने लोगों से सहयोग की अपील की थी। पानी की सप्लाई सुचारू रूप से शुरू कर दी गई है और लोगों समस्या न हो इस लिए विभाग प्रयासरत है। इसके अलावा विभाग पेयजल आपूर्ति के लिए पानी के टैंकर लगाने की व्यवस्था भी कर रहा है।