नूरपुर (कांगड़ा)। नूरपुर शहर के साथ लगती गेहीं लगोड़ पंचायत में बुधवार सुबह करीब साढ़े 7 बजे एक मेडिकल स्टोर के मालिक दीपक पठानिया का अज्ञात युवकों ने अपहरण करने का प्रयास किया। दीपक पठानिया निवासी खुशीनगर का नूरपुर के चौगान में मेडिकल स्टोर है।
दीपक बुधवार सुबह हर रोज की तरह खुशीनगर अपने घर से मिजग्रां संपर्क मार्ग पर सैर करने के लिए निकले थे। इस दौरान मिजग्रां-घियाली मार्ग पर सराय के पास अचानक उन पर पीछे से एक व्यक्ति ने कंबल डाल दिया। उनके आगे चल रहे एक व्यक्ति ने उन्हें खींचा और कार में धकेलने की कोशिश की। उन्होंने दोनों अपहरणकर्ताओं का डटकर मुकाबला किया। इसी दौरान वहां से एक दोपहिया वाहन गुजरा और अपहरणकर्ता अपनी कार में वहां से भाग निकले। दीपक गाड़ी का नंबर पूरा नहीं पढ़ पाए। उन्होंने बताया कि गाड़ी पर पंजाब का नंबर अंकित था। उन्होंने कहा कि इस संदर्भ में पुलिस को सूचित कर दिया है।
थाना प्रभारी नूरपुर जसपाल सिंह ने बताया कि मामला ध्यान में लाया गया था। पुलिस कर्मी मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रहे हैं।