शाहपुर (कांगड़ा )। नगर पंचायत शाहपुर की पूर्व अध्यक्ष एवं पार्षद ऊष्मा चौहान ने नगर पंचायत में टेंडरों में धांधली को लेकर उपायुक्त कांगड़ा को शिकायत भेजी है। उन्होंने आरोप लगाया कि अध्यक्ष व उपाध्यक्ष अपनी मनमर्जी से टेंडर अपने चहेतों को बांट रहे हैं। नियमानुसार एक ठेकेदार को दो से अधिक टेंडर नहीं मिल सकते, जबकि एक ही व्यक्ति को करोड़ों रुपये के टेंडर आवंटित किए गए हैं।
ऊष्मा चौहान ने बताया कि मई व जुलाई में अधिकांश टेंडर वार्ड नंबर 5 और 7 में लगाए गए, जबकि अन्य वार्डों की अनदेखी की गई। उन्होंने कहा कि पार्षदों को विश्वास में लिए बिना टेंडर प्रक्रिया पूरी की जा रही है और टेंडर फार्म भी गुपचुप तरीके से सीमित ठेकेदारों को दिए जा रहे हैं। उन्होंने 8, 9 और 10 जुलाई को हुए सभी टेंडरों को रद्द कर निष्पक्ष जांच की मांग की है। संवाद