आलमपुर (कांगड़ा)। उपतहसील आलमपुर की सकोह पंचायत में नशा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार व्यक्ति को सभी सुविधाओं से वंचित कर दिया जाएगा। साथ ही आरोपी की जमानत देने वाले व्यक्ति पर भी पंचायत की ओर से कार्रवाई की जाएगी। बुधवार को सकोह ग्राम पंचायत ने प्रधान सुशील शर्मा की अध्यक्षता में ग्राम सभा की बैठक में यह निर्णय लिया है। नशे के अवैध कारोबार के मामलों पर अंकुश लगाने के लिए इस निर्णय को सर्वसम्मति से पारित किया।
पंचायत प्रधान सुशील ने बताया कि बुधवार को पंचायत की बैठक में नशाखोरी के विरुद्ध यह प्रस्ताव लाया है। पंचायत की ओर से प्रस्ताव का पंचायत सदस्यों के साथ ग्रामसभा में उपस्थित लोगों ने समर्थन किया और इस प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास हुआ। इस मौके पर पंचायत प्रधान सुशील शर्मा ने उपस्थित लोगों से आग्रह किया कि यदि पंचायत में लोगों की नजर में कोई नशा तस्कर है तो इसकी सूचना वे उन्हें दें। सूचना देने वाले का नाम किसी को भी नहीं बताया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग से ही समाज में फैल रही इस बुराई को जड़ से खत्म किया जा सकता। इस मौके पर पंचायत उप-प्रधान राम सिंह, पंचायत समिति सदस्य कविता कुमारी के अतिरिक्त पंचायत सदस्य रमेश कुमार, स्नेहलता, बेबी कुमारी, सपना देवी और प्रीतम चंद मौजूद रहे।