कांगड़ा। प्रदेश कांग्रेस के महासचिव अजय वर्मा को हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल ने अधिसूचना जारी कर हिमाचल पथ परिवहन निगम की बीओडी का वाइस चेयरमेन नियुक्त किया है। राज्यपाल ने अधिसूचना जारी कर अजय वर्मा को पहले बोर्ड ऑफ डायरेक्टर का निदेशक और तत्काल प्रभाव से निदेशक मंडल का वाइस चेयरमैन नियुक्त किया है।
अजय वर्मा डीएवी कॉलेज कांगड़ा में एनएसयूआई के बैनर तले केंद्रीय छात्र परिषद के अध्यक्ष रह चुके हैं। वे जिला युकां के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। मौजूदा समय में प्रदेश कांग्रेस के महासचिव हैं। अजय वर्मा ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे ईमानदारी से निभाएंगे। अजय वर्मा की तैनाती होने पर कांगड़ा बाजार में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और व्यापारियों में खुशी की लहर है। अजय वर्मा जिला कांगड़ा स्वर्णकार संघ के अध्यक्ष भी हैं।