देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। भाजपा नेता रमेश धवाला की ओर से मंडल के चुनाव में फर्जीवाड़ा होने की बात पर पूर्व विधायक होशियार सिंह ने कहा कि यह पार्टी हाईकमान का फैसला था। उनके निर्णय के अनुसार ही हुआ। हाईकमान के फैसले के बाहर कोई कैसे जा सकता है। हमें पार्टी मजबूत करनी है, न की तोड़नी है।
उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता होने के नाते हम पार्टी के निर्णय को स्वीकारते हैं। हमने किसी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी नहीं की है। यह एक मनगढ़ंत कहानी है। किसकी कैसी सभ्यता है यह हर कोई जानता है। देहरा में नए संगठन खड़ा करने के धवाला के बयान पर पूर्व विधायक ने कहा कि यह धवाला की विचारधारा है, वे कुछ भी करने के लिए स्वतंत्र हैं।
पूर्व में निर्दलीय विधायक रहे होशियार सिंह ने कहा कि जब भाजपा ज्वाइन की थी तो उन्होंने उसी वक्त कहा था कि हम भाजपा के सच्चे सिपाही हैं और सिपाही बनकर रहेंगे। हाईकमान टिकट जिस मर्जी को दे, न हम टिकट की रेस में हैं। भाजपा में कार्यकर्ता के तौर पर काम कर रहा हूं और पार्टी को मजबूत करूंगा। हमने किसी को नहीं कहा कि पार्टी छोड़कर चले जाओ। सभी आएं और मिलजुल कर पार्टी को मजबूत करें। होशियार सिंह ने आरोप लगाया कि देहरा का उपचुनाव डरा धमका कर जीता गया है। अभी नए विधायक को बने छह माह ही हुए हैं। इसलिए अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगा। देहरा की जनता ने उन्हें काम करने का मौका दिया है, वे देहरा हलके का विकास करें। पूर्व विधायक ने दावा किया कि देहरा हलके में वही विकास कार्य चले हुए हैं वह मेरे ही समय लाए बजट के हैं। पार्टी का नया संगठन बना है। संगठन की नई कार्यकारिणी के साथ फील्ड में उतरेंगे और भाजपा को मजबूत करेंगे।