बैजनाथ (कांगड़ा)। ग्राम पंचायत सेहल में ''प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना-वाटरशेड विकास घटक 2.0'' के अंतर्गत प्रोडक्शन सिस्टम के तहत एग्रीकल्चर एवं हॉर्टिकल्चर किट वितरण समारोह का आयोजन किया गया। बैजनाथ के विधायक किशोरी लाल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने किसानों को कृषि व बागवानी किटें वितरित कीं।
इस योजना के तहत नौ लाख 32 हजार रुपये की लागत से कृषि एवं बागवानी संबंधी विभिन्न आधुनिक उपकरणों की खरीद की गई है जिन्हें क्षेत्र के लगभग 300 किसानों में बांटा गया। विधायक ने कहा कि इन आधुनिक उपकरणों के माध्यम से किसानों को तकनीक अपनाने और फसल उत्पादन क्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर बीडीओ विवेक गुलेरिया, बीडीसी सदस्य रविंद्र कुमार, पंचायत प्रधान सन्नी कपूर, उपप्रधान भीखम दास, शलभ अवस्थी, राम कृष्ण, बीके शर्मा, मंडल कपूर, प्रकाश चंद, घोगरू राम, गंगा राम तथा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं स्थानीय गण्यमान्य उपस्थित रहे।
विधायक की मुख्य घोषणाएं
सड़क पुलिया निर्माण: सेहल स्कूल के रास्ते में पुलिया निर्माण के लिए दो लाख रुपये।
खेल मैदान का सुदृढ़ीकरण: सेहल के नगुन स्थित खेल मैदान के सुधार के लिए एक लाख रुपये।
श्मशानघाट का जीर्णोद्धार: वार्ड नंबर तीन और चार स्थित श्मशानघाट के जीर्णोद्धार के लिए दो लाख रुपये।
सेहल पंचायत में किसान को कृषि किट भेंट करते विधायक किशोरी लाल। स्रोत : जनसंपर्क विभाग