जोनल अस्पताल धर्मशाला में ओपीडी के बाहर अपनी बारी का इंतजार करते मरीज़
धर्मशाला। मौसम में बदलाव और दिवाली के बाद एकबार फिर जिला कांगड़ा के अस्पतालों में सर्दी-खांसी के मरीजों की संख्या में इजाफा आ गया हैै। अकेले क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला में ही वीरवार को इन रोगों के 200 से अधिक मरीज सामान्य ओपीडी में दर्ज किए गए।
जानकारी के मुताबिक जिले में दिवाली और भैयादूज के चलते अस्पतालों की ओपीडी में कम संख्या में मरीज पहुंच रहे थे, लेकिन त्योहारी सीजन पर विराम लगने के बाद अब मरीजों ने अस्पतालों में रुख करना शुरू किया है। इसमें अधिक मरीज सर्दी, खांसी और गले में दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल में पहुंच रहे हैं। वहीं विशेषज्ञों की मानें तो दिन-प्रतिदिन हो रहे मौसमी परिर्वतन से इन रोगों के बढ़ने का कारण हो सकता है।
जिले में लगातार हो रहे प्रतिदिन मौसमी परिवर्तन के बाद वायरल बुखार के साथ सर्दी-खांसी के मामलों में इजाफा हो रहा है। मरीजों को अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह दी जा रही हैं। - डॉ. सुशील कुमार शर्मा, मुख्यचिकित्साधिकारी, जिला कांगड़ा।