बैजनाथ (कांगड़ा)। प्रदेश की सबसे बड़ी बैजनाथ-पपरोला नगर पंचायत को 10 साल के लंबे इंतजार के बाद कूड़ा निस्तारण केंद्र की सुविधा मिलने जा रही है। मुख्य संसदीय सचिव किशोरी लाल 16 अक्तूबर को वार्ड नं 9 में बुहली कोठी स्थित 28 कनाल भूमि पर बने आधुनिक कूड़ा निस्तारण केंद्र का उद्घाटन करेंगे।
नगर पंचायत के वार्डों से निकालने वाले गीले और सूखे कचरे का वैज्ञानिक तरीके के तहत आधुनिक मशीनों से निस्तारण किया जाएगा। गीले कचरे से खाद बनाने के साथ ही सूखे कचरे से निर्माण सामग्री बनाई जाएगी। पिछले 10 वर्षों से नगर पंचायत के लिए कूड़ा का निस्तारण करना सिरदर्द बना हुआ था। कचरे को लेकर पर्यावरण विभाग ने नगर पंचायत को भारी जुर्माना भी लगाया था।
नगर पंचायत के 11 वार्डों के साथ ही बैजनाथ पपरोला दोनों बड़े बाजारों से रोजाना क्विंटलों के हिसाब से कूड़ा एकत्रित किया जाता है। मगर पिछले कुछ समय से नगर पंचायत ने वार्डों से कूड़ा एकत्रित करना बंद कर दिया था। अब कूड़ा निस्तारण केंद्र की सुविधा मिलने पर नियमित तौर पर वार्डों से कूड़ा एकत्रित किया जा सकेगा।
नगर पंचायत के सचिव आदित्य चौहान ने बताया कि बुधवार को कूड़ा निस्तारण केंद्र का शुभारंभ मुख्य संसदीय सचिव किशोरी लाल द्वारा किया जाएगा और जल्द ही नियमित तौर पर कूड़ा एकत्रित करने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।