जसूर (कांगड़ा)। नूरपुर के अधिवक्ता सचित शर्मा की कार बीती शाम जम्मू-कश्मीर के जिला डोडा के गांव ठठेरी में एक वाहन को पास देते समय लगभग 400 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में सचित शर्मा के बेटे दिव्यांश शर्मा की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं परिवार के अन्य सदस्य घायल हुए हैं। दिव्यांश शर्मा लगभग सात साल का था।
सचित शर्मा ने बताया कि जिस जगह यह दुर्घटना हुई, वहां कुछ जगह धंसी हुई थी। कार में उनके अलावा पत्नी और बेटा दिव्यांश शर्मा सवार थे। कार वह खुद चला रहे थे। हादसे का कारण गाड़ी को पास देना रहा। इस हादसे में पत्नी, बेटा और वह खुद भी घायल हो गए। बेटे की हालत नाजुक थी। मौके पर उपस्थित लोगों ने बेटे को तुरंत उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, लेकिन मस्तिष्क में खून का थक्का जमने से दिव्यांश की मृत्यु हो गई। गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
दिव्यांश शर्मा नूरपुर नगर परिषद के प्रधान अशोक शर्मा उर्फ शिवू का भतीजा था। मंत्री राकेश पठानिया, कांगेस के जिला अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक अजय महाजन भी इस दुख की घड़ी में शामिल हुए। नूरपुर के अधिवक्ताओं ने भी इस हादसे में सचित शर्मा के बेटे की मौत पर एक शोक प्रस्ताव पारित किया है।