धर्मशाला। पौंग झील में पर्यटन गतिविधियों को एडीबी टीम के सुझाव पर शुरू किया जाएगा। टीम की ओर से वाटर स्पोर्ट्स की गतिविधियां शुरू करने के लिए पर्यटकों को उपलब्ध करवाई जाने वाली सुविधाओं को लेकर सुझाव दिए गए हैं। इसके आधार पर योजना बनाने, उपलब्ध करवाई जाने वाली बोट, उपकरण, चेजिंग रूम और शौचालय की व्यवस्था करवाने को लेकर खाका तैयार किया गया है। साथ ही झील में जल क्रीड़ाओं को दो जोन में करवाने को लेकर वन्य प्राणी विभाग से मिली मंजूरी के चलते कौन-कौन सी गतिविधि करवाई जानी है, इस पर भी एडीबी की ओर से पर्यटन विभाग को सुझाव दिए गए हैं।
जिला कांगड़ा में पर्यटन गतिवधियों को बढ़ावा देने की दिशा में कार्य करने के चलते पौंग झील में एडीबी के सहयोग से गतिविधियों को शुरू करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। झील में इन गतिविधियों को शुरू करने के लिए आवश्यकताओं को लेकर हाल ही में एशियन डेवलपमेंट बैंक की टीम की ओर से भी निरीक्षण कर सभी बारीकियों को जांचा है। झील क्षेत्र में नंगल चौक और धमेटा के हिस्सों में भी जलक्रीड़ाओं को शुरू करने की मंजूरी पर्यटन विभाग को मिली है। इन दोनों जोन में कौन-कौन सी गतिविधि आयोजित की जा सकती है, इसको लेकर भी योजना बनाई जा रही है। इन दोनों जोन का अभी कुल क्षेत्र कितना है, इसकी जानकारी उपलब्ध होने के बाद पर्यटन गतिविधियां तय की जाएंगी।
- एडीबी की टीम की ओर से पौंग झील की इंस्पेक्शन की जा चुकी है और अगली योजना चल रही है। झील में जो क्षेत्रीय जल क्रीड़ा केंद्र है, उसके इन्फ्रास्ट्रक्चर को कैसे इस्तेमाल करना है, इस पर भी कार्य किया जा रहा है। जल्द इस दिशा में आगामी कदम उठाए जाएंगे।
- विनय धीमान, जिला पर्यटन अधिकारी, जिला कांगड़ा