नूरपुर (कांगड़ा)। खनन कार्यालय नूरपुर की टीम ने मंड क्षेत्र में अवैध खनन पर कार्रवाई करते हुए एक जेसीबी मशीन और दो ट्रैक्टरों को पकड़कर 60 हजार रुपये जुर्माना वसूला है। माइनिंग ऑफिसर सुरेश कुमार ने बताया कि यह औचक कार्रवाई रात लगभग साढ़े 12 बजे की गई।
छापेमारी के दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर अन्य अवैध वाहन व मशीनें मौके से फरार हो गईं। पंजाब की ओर से लाई गई एक ट्राले में पोकलेन मशीन को भी संबंधित लोग वापस ले गए। मंड क्षेत्र पंजाब-हिमाचल सीमा पर स्थित होने के कारण यहां की सटीक सीमा पहचानना कठिन होता है, जिसका फायदा उठाकर खनन माफिया हिमाचल की खनिज संपदा को रात के समय पंजाब ले जाते हैं।
माइनिंग ऑफिसर सुरेश कुमार ने बताया कि अवैध खनन पर अंकुश लगाने के लिए रास्ते बंद किए गए हैं और लगातार अभियान जारी है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से विभाग का सहयोग कर अवैध खनन रोकने की अपील की है।