धर्मशाला। जिला मुख्यालय के समीप एक ग्राम पंचायत में गांवों में बिना सर्वे बीपीएल परिवारों का चयन करने का आरोप लगा है। जाट सभा धर्मशाला के अध्यक्ष लविंद्र सिंह चावला, सुरेंद्र सिंह, सुनील कुमार, जसवीर सिंह सहित अन्य ने पंचायत पर आरोप लगाए हैं। अध्यक्ष ने कहा कि पंचायत की ओर से बिना बीपीएल सर्वे किए ही बीपीएल की परिवारों का चयन कर लिया गया है। इसमें योग्य व्यक्तियों को निकालकर अयोग्य व्यक्तियों का चयन कर दिया गया है। गांव ऐसे बहुत से लोग हैं, जिन्हें बीपीएल की सूची में शामिल किया जाना चाहिए था, लेकिन अब वह सूची से बाहर हैं।
उन्होंने कहा कि जब पंचायत प्रधान को गांव की किसी आम समस्या के बारे में अवगत करवाया जाता है तो प्रधान संबंधित विभाग ही कार्य को पूरा करेगा बोलकर सुविधा देने से मना कर देते हैं। तो फिर इस बार प्रधान ने कैसे बिना किसी को बताए बीपीएल परिवारों का चयन कर दिया है। उन्होंने कहा कि सभा के सदस्य और लोगों की ओर से पूछे गए सवालों के जवाब गांववासियों के सामने देने होंगे। इस दौरान अध्यक्ष सहित हविंद्र सिंह, कमलेश कुमार, सुमित सिंह, हरनाम सिंह व अन्य उपस्थित रहे। उन्होंने जिला प्रशासन और खंड विकास अधिकारी से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। संवाद