सुजानपुर(हमीरपुर)। नगर परिषद सुजानपुर शहरवासियों और यात्रियों को बड़ी राहत देने की तैयारी में है। बस अड्डा के पास जल्द ही आधुनिक तकनीक से लैस नए शौचालय का निर्माण किया जाएगा।
इसके लिए नगर परिषद ने शहरी विकास विभाग को प्रस्ताव भेज दिया है। धनराशि स्वीकृत होते ही और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। वर्तमान में बस अड्डा क्षेत्र में केवल एक ही शौचालय है, जिसकी हालत बेहद खराब है।
यहां गंदगी का अंबार लगा रहता है और बदबू इतनी होती है कि लोगों को मुंह ढककर अंदर जाना पड़ता है। होली मेले के दौरान तो स्थिति और भी बदतर हो गई थी। बाजार के दुकानदारों से लेकर यात्री तक सभी इसी शौचालय का उपयोग करते हैं, जिससे यह सुविधा पूरी तरह अपर्याप्त साबित हो रही है।
अब नगर परिषद ने हमीरपुर में बने आधुनिक शौचालयों की तर्ज पर नया शौचालय बनाने का प्रस्ताव तैयार किया है। इस संबंध में नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी हर्षित ने बताया कि नए शौचालय के निर्माण के लिए प्रस्ताव भेज दिया है। नए शौचालय के बनने से क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर होगी और लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। संवाद