राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के कामर्स ब्लाक में निकला रसेल वाइपर का झुंड। -संवाद
धर्मशाला। राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के कॉमर्स ब्लॉक में शुक्रवार को एक साथ करीब 20 रसेल वाइपर सांप मिलने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही वन्य प्राणी विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सभी सांपों का सुरक्षित रेस्क्यू कर उन्हें प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया। एक साथ बड़ी संख्या में जहरीले सांप मिलने से विद्यार्थियों और कर्मचारियों में दहशत का माहौल रहा।
कॉलेज प्रशासन के अनुसार कॉमर्स ब्लॉक के पुराने हॉल के साथ यह सांप दिखाई दिए। इनमें एक बड़ा रसेल वाइपर और शेष उसके सपोले बताए गए हैं। सूचना मिलने पर वन्य प्राणी विभाग की टीम अजय के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और समय रहते सभी सांपों को सुरक्षित पकड़ लिया।
वन्य प्राणी विभाग धर्मशाला के डीएफओ संजीव शर्मा ने बताया कि सूचना मिलने के बाद विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया। जांच में सभी सांप रसेल वाइपर प्रजाति के पाए ग ए। रेस्क्यू के बाद उन्हें सुरक्षित प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया। उन्होंने लोगों से अपील की कि कहीं भी सांप दिखाई देने पर घबराएं नहीं। न ही उसे पकड़ने या मारने का प्रयास करें। इसकी सूचना तुरंत वन विभाग या संबंधित विभाग को दें, ताकि प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम सुरक्षित तरीके से उसे प्राकृतिक आवास में पहुंचा सके।
रसेल वाइपर क्यों है खतरनाक
वन्य प्राणी विभाग धर्मशाला के डीएफओ संजीव शर्मा ने बताया कि रसेल वाइपर भारत और एशिया के सबसे जहरीले सांपों में गिना जाता है। इसके विष में शक्तिशाली हीमोटॉक्सिन होता है, जो रक्त के थक्के बनने की प्रक्रिया को प्रभावित कर आंतरिक रक्तस्राव का कारण बन सकता है। इसके काटने पर तत्काल चिकित्सकीय उपचार आवश्यक होता है। देर होने पर जान का खतरा बढ़ सकता है।