धर्मशाला। खाद्य आपूर्ति निगम की ओर से जिले के सात गोदामों में दालों की खेप पहुंचा दी गई है। जल्द जिले के डिपुओं में दालों की सप्लाई पहुंचा दी जाएगी।
लगभग डेढ़ माह से डिपुओं में दालों का कोटा खत्म होने के कारण उपभोक्ताओं को बाजारों से महंगे दामों पर दालें खरीदनी पड़ रही थीं। अब उपभोक्ताओं को थोड़ी राहत मिलेगी। खाद्य आपूर्ति निगम से प्रदेशभर के गोदामों में सप्लाई भेजने के लिए 1.95 लाख क्विंटल दालों की मांग की गई थी। मांग के तहत निदेशालय से कांगड़ा में 1.150 क्विंटल दालों की सप्लाई भेज दी गई है।
निगम ने कांगड़ा में दाल मलका 227 क्विंटल, चना दाल 753 क्विंटल और 250 क्विंटल उड़द की दाल भेजी गई है। पीडीएस दाल मलका ढलियारा गोदाम में 107 क्विंटल और शाहपुर में 120 क्विंटल जबकि चैतड़ू में चना दाल 200 क्विंटल, ढलियारा में 213 क्विंटल, जोड़बड़ में 90 क्विंटल, शाहपुर में 230 क्विंटल चना दाल पहुंची है। इसके अलावा चैतड़ू में उड़द की दाल 150 क्विंटल, देहरा में 250 क्विंटल, जोड़बड़ में 150 क्विंटल, नगरोटा बगवां में 180 क्विंटल, पपरोला में 170 क्विंटल और शाहपुर में 250 क्विंटल दाल की सप्लाई पहुंच चुकी है। अब गोदामों से जल्द डिपुओं में उपलब्ध करवा दी जाएगी।
कांगड़ा में दालों की सप्लाई पहुंचना शुरू हो गई है। कुछ गोदामों में दालें पहुंच भी चुकी हैं। जल्द गोदामों से संबंधित डिपुओं में दालें उपलब्ध करवा दी जाएंगी।
- पुरुषोत्तम सिंह, जिला नियंत्रक, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग कांगड़ा