धर्मशाला। विकास के दावों के बीच हार जलाड़ी से खरठ-नंदरूल को जोड़ने वाला पुल नौ वर्षों से निर्माण पूरा होने की राह देख रहा है। जलाड़ी में बनेर खड्ड पर करीब 2.50 करोड़ रुपये की लागत से इस पुल का निर्माण 2017 में शुरू हुआ था। पुल के निर्माण का लक्ष्य दिसंबर, 2019 तय किया गया था।
नौ साल बाद भी 52 मीटर स्लैब का कार्य अधूरा है। एक स्लैब तक पूरी तरह तैयार नहीं हो पाया है। राजनीतिक खींचतान और विभागीय उदासीनता के चलते निर्माण लगातार प्रभावित होता रहा जिससे बरसात के दौरान ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
वर्ष 2023 में निर्माणाधीन पुल बिना बरसात गिर गया था। इसके बाद निर्माण गुणवत्ता पर कई सवाल खड़े हुए। अब विभाग की ओर से मार्च 2027 तक पुल का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
-
इन नौ पंचायतों को मिलेगा सीधा लाभ
इस पुल के बनने से विकास खंड कांगड़ा की नौ पंचायतों हार जलाड़ी, नंदरूल, पलेरा, जनयनाकड़, खरठ, बोहड़क्वालू, सलोल, दौलतपुर और तकीपुर के कई गांवों के हजारों लोगों को लाभ मिलेगा। ग्रामीणों का मानना है कि यह पुल राजनीति का अखाड़ा बनकर रह गया है। अब दोबारा शुरू हुए कार्य को जल्द पूरा किया जाना चाहिए।
क्या कहते हैं ग्रामीण
लंबे समय से पुल का निर्माण चल रहा है। अभी तक मात्र 52 मीटर का स्लैब कार्य ही पूरा हो पाया है। इस बारे में मेरी लोक निर्माण मंत्री से मुलाकात हुई है और उनसे इस कार्य में हस्तक्षेप करने की अपील की है ताकि निर्माण जल्द पूरा हो सके। -संजीव कुमार, प्रधान, नंदरूल पंचायत
पुल के बनने से लगभग नौ पंचायतों के हजारों लोगों को सुविधा मिलेगी। सबसे अधिक लाभ नंदरूल और सलोल आदि गांवों को होगा जिससे लोगों का समय और पैसा दोनों बचेंगे। -बलवीर सिंह, उपप्रधान, हार जलाड़ी
अगर सही तरीके से काम हुआ होता तो मात्र दो वर्षों में इस पुल का निर्माण पूरा हो जाना था और मौजूदा समय में इसका लाभ जनता को मिल रहा होता। -बोधराज, पूर्व उपप्रधान, हार जलाड़ी
संबंधित विभाग और सरकार को चाहिए कि अब जब पुल का निर्माण फिर से शुरू हुआ है तो इसे जल्द से जल्द पूरा किया जाए ताकि आसपास के लोगों को लाभ मिल सके। इस पर जनता के लाखों रुपये पहले भी बर्बाद हो चुके हैं। -प्रिंस कुमार, नंदरूल
इस पुल का निर्माण वर्ष 2017 में शुरू हुआ था। अब तक पुल के निर्माण पर लगभग 2.47 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। 40 फीसदी कार्य पूरा हो चुका है। शेष कार्य मार्च 2027 तक पूरा कर लिया जाएगा। -रवि भूषण, एक्सईएन, लोक निर्माण विभाग मंडल, कांगड़ा
कांगड़ा की बनेर खड्ड पर हार जलाड़ी-खरठी-नंदरुल को जोड़ने के लिए किया जा पुल का निर्माण। -संवाद- फोटो : Samvad
कांगड़ा की बनेर खड्ड पर हार जलाड़ी-खरठी-नंदरुल को जोड़ने के लिए किया जा पुल का निर्माण। -संवाद- फोटो : Samvad
कांगड़ा की बनेर खड्ड पर हार जलाड़ी-खरठी-नंदरुल को जोड़ने के लिए किया जा पुल का निर्माण। -संवाद- फोटो : Samvad
कांगड़ा की बनेर खड्ड पर हार जलाड़ी-खरठी-नंदरुल को जोड़ने के लिए किया जा पुल का निर्माण। -संवाद- फोटो : Samvad