गगल (कांगड़ा)। ट्रैफिक जाम आम तौर पर लोगों के लिए परेशानी का सबब बनता है, लेकिन गगल के मांझी पुल पर लगा जाम धर्मशाला के राजेश धीमान के लिए लाभदायक सिद्ध हुआ है। पुल के ऊपर लगे जाम में राजेश की दस दिन पूर्व चोरी कार मिली गई। इसे ड्यूटी दे रहे यातायात पुलिस कर्मी की सहायता से पुलिस थाने को सौंप दिया है। जबकि चालक स्थिति को भांपते हुए कार को बीच रोड छोड़कर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार राजेश धीमान गगल से सनौरा की ओर पैदल जा रहे थे। इसी दौरान उनके पास से निकली लाल रंग की कार उसे अपनी चोरी हुई कार की तरह लगी। आगे जाकर ट्रैफिक में फंसी कार को ध्यान से देखा तो कार की दोनों नंबर प्लेट हटा दी गई थीं और अंदर सीट कवर तथा अन्य सामान भी बदल दिया गया था। राजेेश धीमान ने यह कार शीशे पर अंकित किए नंबर से पहचानी और पास ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मी की सहायता से उसे बरामद किया। इस पूरे प्रकरण से पहले ही कार चालक उसे बीच रोड छोड़कर भाग गया था। राजेश धीमान ने बताया कि 15 अक्तूबर को देर रात कार धर्मशाला से चोरी हुई थी। 17 अक्तूबर को इस संबंध में पुलिस थाना धर्मशाला में मामला दर्ज करवाया गया था। उधर, डीएसपी हेडर्क्वाटर धर्मशाला हितेश लखनपाल ने बताया कि चोरी हुई कार गगल में मिल गई है। कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद कार मालिक को सौंप दी जाएगी।