पालमपुर (कांगड़ा)। पिछले कई सालों से राजस्व विभाग के कामों को लेकर उप तहसील की समस्या से जूझ रहे पंचरुखी के लोगों को अब उप तहसील मिलने वाली है। पंचरुखी में उप तहसील सोमवार को शुभारंभ हो जाएगा। इसका शुभारंभ जयसिंहपुर के विधायक यादवेंद्र गोमा करेंगे। जयसिंहपुर विस सभा के अधिकतर ऊपरी चंगर और पलम क्षेत्र के लोगों को अपने राजस्व कामों के लिए पालमपुर आना पड़ता था।
इससे दूरदराज के इलाकों से आने वाले लोगों को अपने छोटे से काम के लिए परेशानी का सामना करना पड़ता था। हालांकि, जयसिंहपुर विस क्षेत्र में जयसिंहपुर तहसील है। विस के ऊपरी इलाकों का हिस्सा पालमपुर तहसील में पड़ता है। उप तहसील में नायब तहसीलदार वीर सिंह नेगी सोमवार से अपनी सेवाएं देना शुरु कर देंगे। एसडीएम पालमपुर भूपेंद्र अत्री ने कहा कि पंचरुखी उप तहसील का सोमवार दो बजे को विधायक यादवेंद्र गोमा शुभारंभ करेंगे। इस मौके पर उपायुक्त सी. पालरासू भी मौजूद रहेंगे।
---