धर्मशाला/कंडवाल (कांगड़ा)। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के दौरे को लेकर जिला पुलिस ने सीमावर्ती क्षेत्रों और विशेषकर कंडवाल बैरियर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है। पुलिस ने प्रदेश के प्रवेश द्वार कंडवाल में एक विशेष बैरियर बनाकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस की अतिरिक्त टुकड़ी तैनात की है, जो 24 घंटे बैरियर में हर आने जाने वाले वाहन की गहनता से चेकिंग करेगी। जिला कांगड़ा में दस बैरियर स्थापित किए जाएंगे। हर बैरियर पर करीब बारह पुलिस जवान तैनात रहेंगे। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर नूरपुर उपमंडल पुलिस मुस्तैद हो गई है। चेकिंग के दौरान पुलिस की ओर से वाहनों के दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। कंडवाल बैरियर पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों को भी ठीक कर दिया गया है। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी आगामी बुधवार को हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के शाहपुर स्थित परिसर में आयोजित होने वाले दीक्षांत समारोह में भाग लेंगे। जिला कांगड़ा के एएसपी मोहित चावला ने बताया कि पुलिस ने राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के दौरे को लेकर जिले में 10 विशेष बैरियर स्थापित किए हैं। जिनमें कंडवाल भी एक है। कंडवाल में पुलिस के अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं, जो अति आधुनिक हथियारों से लैस हैं। पुलिस की यह टुकड़ी 24 घंटे कंडवाल बैरियर में आने जाने वाले वाहनों की चेकिंग करेगी। चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर है।
इंसेट ...
24 घंटे हो रही वाहनों की चेकिंग
एएसपी मोहित चावला ने बताया कि राष्ट्रपति के दौरे को लेकर पुलिस अलर्ट है। पुलिस ने पालमपुर, कांगड़ा, 32 मील, कड़वाल, चंबी रोड और देहरा में नाके लगाए हुए हैं। 24 घंटे वाहनाें की चेकिंग की जा रही है। साथ ही रिकार्ड भी मेंटेन किया जा रहा है।
गगल से सातों दिन मिलेगी विमान सेवा
गगल (कांगड़ा)। एयर इंडिया ने दिल्ली से गगल विमान सेवा को फिर सप्ताह के सातों दिन शुरू करने का फैसला लिया है। इससे पहले एयर इंडिया सप्ताह में पांच ही दिन सेवाएं दे रहा था। एयर इंडिया के गगल हवाई अड्डा प्रबंधक नवीन शर्मा ने बताया कि 15 जनवरी से बुधवार और शनिवार को एयर इंडिया अपनी सेवाएं नहीं दे रहा था। अब पहले की तरह सप्ताह में सातों दिन विमान सेवा उपलब्ध करवाएगा।
नियमित भरी जाएंगी उड़ाने
12 फरवरी को राष्ट्रपति प्रवण मुखर्जी के प्रस्तावित कार्यक्रम के चलते गगल हवाई अड्डे पर सुरक्षा प्रबंध सख्त कर दिए गए हैं। हवाई अड्डे पर आने जाने वालों की जांच की जा रही है। हवाई अड्डे के निदेशक कुलदीप शर्मा ने बताया कि 12 फरवरी को राष्ट्रपति का दौरा है। कार्यक्रम के चलते एयर इंडिया एवं स्पाइस जैट की नियमित उड़ाने गगल हवाई अड्डे से भरी जाएंगी।