फतेहपुर (कांगड़ा)। बहुचर्चित रजत हत्याकांड की जांच अब स्टेट सीआईडी करेगी। प्रदेश सरकार ने मंगलवार को मामले की जांच सीआईडी से करवाने के आदेश जारी किए। एडिशनल एसपी जी शिवा कुमार ने बताया कि सरकारी आदेशों पर अब पुलिस का खुफिया विभाग इस मामले की जांच करेगा। वहीं, सोमवार को हुए प्रदर्शन में कुछ हुड़दंगियों द्वारा पुलिस पर किए पथराव को लेकर पुलिस ने मंगलवार को प्रदर्शनकारियों पर एफआईआर दर्ज कर ली है। मामले की गंभीरता को देखते हुए यहां अतिरिक्त पुलिस बल के रूप में तीन रिजर्व बटालियनें तैनात कर दी गई हैं।
साथ ही पथराव में शामिल हुड़दंगियों को पकड़ने की मुहिम तेज कर दी है। पुलिस ने कई स्थानों पर छापामारी कर आरोपियों को पकड़ने की कार्रवाई जारी रखी। पुलिस ने देर शाम खबर लिखे जाने तक आठ आरोपियों को पकड़ लिया था तथा कइयों की धरपकड़ के लिए पुलिस की टीमें रवाना हो चुकी थीं। वहीं गिरफ्तारी की खबर फैलते ही अत्याचार विरोधी कमेटी के सदस्य भूमिगत हो गए। खबर लिखे जाने तक करीब आधा दर्जन आरोपी पुलिस ने दबोच लिए थे। डीएसपी संजय शर्मा ने कहा कि जिन प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया तथा सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया है, उन पर एफआईआर दर्ज की जा रही है। वहीं फतेहपुर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती से छावनी में बदल गया है। पुलिस ने क्षेत्र में किसी अप्रिय घटना कोे रोकने के लिए मंगलवार को पुख्ता प्रबंध कर रखे थे।
फोरेंसिक विशेषज्ञों ने लिए सैंपल
रजत हत्याकांड में और सुराग ढूंढने फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम भी पहुंची। उक्त टीम ने पौंग किनारे उस स्थल का जायजा लिया, जहां रजत का कथित कंकाल मिला था। टीम द्वारा कई सैंपल इकट्ठे किए गए। इस दौरान एएसपी निहाल चंद तथा डीएसपी जवाली संजय शर्मा भी साथ मौजूद रहे।
जनता करे सहयोग : डीएसपी संजय
डीएसपी संजय शर्मा ने कहा कि पुलिस मामले को लेकर गंभीरता से छानबीन कर रही है। उन्होेंने कहा कि इस हत्याकांड में संलिप्त आरोपियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने आम जनता से सहयोग की अपील की है।