पालमपुर (कांगड़ा)। उपमंडल पालमपुर के अंतर्गत सुलह के रैपुर पंचायत के लोगों ने गैस की अनियमित सप्लाई को लेकर अब सड़कों पर उतरने का मन बना लिया है। स्थानीय लोगों के अनुसार गांव में करीब 70 गैस उपभोक्ता हैं, लेकिन पिछले ढाई महीनों से गांव में सप्लाई नहीं आई है। इससे लोगों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
गांव के कैप्टन कर्म चंद, हरि सिंह, भूपेंद्र, स्वरूप चंद, बलदेव सिंह, हरनाम सिंह, नयन सिंह, उत्तम सिंह, ओम प्रकाश, रमेश चंद, संजीव राणा, नारायण सिंह, करतार चंद, अभिजीत, कुलवंत, कुलदीप, विनोद कुमार, राजेंद्र, तिलक राज, रवि कुमार और रमेश चंद आदि ने बताया कि ढाई महीनों से सप्लाई न आने पर गैस एजेंसी के फोन नंबर पर कई बार बात की गई। लेकिन हर बार आश्वासन ही दिए गए। उन्होंने कहा कि गैस की अनियिमित सप्लाई को लेकर सिविल सप्लाई तथा इंडियन ऑयल के अधिकारियों से भी कई बात की। लेकिन उसके बावजूद कोई सप्लाई नहीं दी गई। लोगों ने बताया कि अब उन्होंने स्थानीय विधायक विपिन परमार सहित सीएम को भी अपनी समस्या को लेकर पत्र लिखा है। साथ ही लोगों ने दो टूक शब्दों में कहा कि गैस की अनियमित सप्लाई को लेकर अब वे सड़कों पर उतरने का मन बना चुके हैं।
इस बारे में आईओसी के प्रबंधक सुनील ठाकुर ने कहा कि रैपुर गांव में स्पॉट प्वाइंट नहीं है। फिर भी गैस एजेंसी संचालकों को वहां गैस की सप्लाई भेजने के आदेश दिए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि स्थानीय लोगों को चाहिए कि स्थाई स्पॉट प्वाइंट शुरू करवाने के लिए जिलाधीश तथा स्थानीय प्रशासन से मिलें।