धर्मशाला। प्रदेश विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय अध्ययन केंद्र धर्मशाला में केंद्रीय छात्र परिषद की ओर से आयोजित दो दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलवार को उद्योग मंत्री किशन कपूर ने किया। यहां पहुंचने पर केंद्रीय छात्र परिषद के अध्यक्ष अमित कुमार, पूर्व एससीए अध्यक्ष आंचल रणौत तथा विशाल नैहरिया समेत अन्य पदाधिकारियों ने उनका भव्य स्वागत किया। केंद्र के छात्र व छात्राओं की सांस्कृतिक कार्यक्रमों की बेहतरीन प्रस्तुति ने खूब वाहवाही लूटी। साथ ही एड्स जैसी भयंकर बीमारी से बचने के लिए नाटक भी प्रस्तुत किया गया।
जनसमूह को संबोधित करते हुए कपूर ने कहा कि प्रदेश में चालू वित्त वर्ष के दौरान शिक्षा के सुदृढ़ीकरण पर 3419 करोड़ रुपए की राशि व्यय की जा रही है। प्रदेश के निचले क्षेत्र के विद्यार्थियों को घर-द्वार पर उच्चतर शिक्षा प्रदान करने के दृष्टिगत उन्होंने 1991 में प्रदेश सरकार एवं विश्वविद्यालय के साथ मामला उठाया गया था। फलस्वरूप 1992 में विश्वविद्यालय द्वारा धर्मशाला में क्षेत्रीय केंद्र तथा इसके उपरांत लॉ कॉलेज खोला गया। उन्होंने केंद्रीय छात्र परिषद को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को प्रदेश सरकार एवं हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के साथ प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा। उन्होंने बताया कि क्षेत्रीय केंद्र की स्थापना के लिए खनियारा के समीप 180 कनाल भूमि का प्रावधान किया गया है। उन्होंने बताया कि इस केंद्र में स्थानीय स्तर की समस्याओं के निदान के लिए शीघ्र ही जिलाधीश तथा विश्वविद्यालय के अधिकारियों के साथ बैठक की जाएगी। कपूर ने विधायक निधि से कंप्यूटर सेंटर स्थापित करने के लिए एक लाख रुपए की राशि तथा सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए दस हजार रुपए की राशि देने की घोषणा की।
इस अवसर पर क्षेत्रीय केंद्र के निदेशक डीपी वर्मा, प्रो. कुलवंत राणा, भाजपा मंडल अध्यक्ष कृपाल सिंह के अतिरिक्त केंद्र में कार्यरत प्राध्यापक एवं विद्यार्थियों ने भाग लिया।