कांगड़ा। मुख्यमंत्री जैसे ही पार्टी प्रत्याशियों की चर्चा को लेकर हाईकमान से मिलने दिल्ली गए तो कांगड़ा से विधायक पवन काजल को वहां आने को कहा है। काजल हवाई मार्ग से दिल्ली पहुंच चुके हैं। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह काजल की कांगड़ा विस से टिकट की जोर शोर से पैरोकारी कर रहे हैं।
इस पर विधायक काजल ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने सभी विधायकों को दिल्ली बुलाया था, वे भी दिल्ली आए हुए हैं। क्या वह कांग्रेस पार्टी से चुनाव लड़ने की अपनी इच्छा जता रहे हैं के सवाल पर काजल ने कहा कि अभी इस मसले पर वे ज्यादा कुछ नहीं कहेंगे, लेकिन 23 अक्तूबर को वे चुनाव का नामांकन भरने जा रहे हैं। विधायक बनने के बाद काजल ने बतौर एसोसिएट प्रदेश सरकार को समर्थन दिया था। इस अतंराल के दौरान विधायक पवन काजल की मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से नजदीकियां किसी से छिपी नहीं हैं। कांगड़ा आने पर वीरभद्र सिंह ने काजल को अधिमान देकर सियासी गलियारों में ऐसे कई साफ संकेत दिए, जिससे काजल का रुतबा वीरभद्र सरकार में काफी उभर कर सामने आया। यही वजह रही कि वे मुख्यमंत्री से अपने कार्यकाल में दो डिग्री कॉलेज समेत कई योजनाएं लाने में कामयाब रहे। हाल ही में काजल की पूर्व मुख्यमंत्री प्रेमकुमार धूमल के साथ हुई मुलाकात की चर्चाओं ने खूब सियासी जोर पकड़ा। इन चर्चाओं ने कांगड़ा मंडल में भूचाल ला दिया। गाहे गवाहे मंडल पदाधिकारियों ने काजल की भाजपा में एंट्री की साफ तौर पर हो रही चर्चाओं को गुमराह करार दे दिया। दरअसल अंदरखाते भाजपा के टिकटार्थी काजल की पार्टी में वापसी किसी सूरत पर नहीं चाहते थे। सूचना है कि भाजपा प्रत्याशियों में बतौर उम्मीदवार काजल के नाम की भी चर्चा थी।