पालमपुर (कांगड़ा)। सुलह विस के परौर मेला मैदान में मंगलवार को नौकरी के लिए बेरोजगारों की भीड़ उमड़ पड़ी। मौका था श्रम एवं रोजगार विभाग की ओर से आयोजित रोजगार मेले का। मेले का शुभारंभ विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने किया। इस रोजगार मेले में कांगड़ा समेत अन्य जिलों के युवाओं ने भी शिरकत की। मेले में करीब 58 कंपनियों के प्रतिनिधि पहुंचे। इस दौरान 3500 पद भरने जाने थे। लेकिन 2742 युवाओं ने ही पंजीकरण करवाया। इनमें 838 युवाओं का चयन मौके पर ही हो गया।
इस रोजगार मेले में फार्मा समेत दूसरी कंपनियों ने भाग लिया। बारहवीं और आईटीआई करने वालेे युवाओं के सबसे ज्यादा रोजगार के मौके मिले। चयनित युवाओं को साढ़े नौ हजार से लेकर तीस हजार तक का पैकेज मिला। इस मौके पर जिला रोजगार अधिकारी राजेश शर्मा, जिला महाप्रबंधक उद्योग राजेश खरवाल, क्षेत्रीय रोजगार अधिकारी शम्मी शर्मा, जिला श्रम अधिकारी राजकुमार शर्मा, रोजगार अधिकारी सुमन कटोच, जिला रोजगार अधिकारी हमीरपुर सुधा सूद, देशराज शर्मा, सुखदेव मसंद, पवन कपूर व चंद्रवीर कटोच आदि मौजूद रहे।
सभी नेता अपने हलकों में लगवाएं ऐसे मेले
देहरा से आए आशीष, नितिन, अंकुश, कांगड़ा से आए राजीव व साहिल, जयसिंहपुर से आए कार्तिक, विनोद व अशोक ने कहा कि ऐसे रोजगार मेले सभी नेताओं को अपने विधानसभा में लगवाने चाहिए। इससे बेरोजगारी दूर होगी।
नेता के रूप में नहीं भाई के रूप में रोजगार देना प्राथमिकता
विस अध्यक्ष विपिन परमार ने कहा कि उन्होंने नेता के रूप में नहीं, बल्कि छोटे भाइयों को रोजगार देने के लिए यह मेला लगाया है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि कोई कंपनी टालमटोल करती है तो वह उनसे संपर्क करें।