राजा का तालाब (कांगड़ा)। फतेहपुर विकास खंड के बगड़ोली गांव के लोगों ने लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करने की चेतावनी दी है। ग्रामीणों ने रोष जताया कि करीब नौ महीने पूर्व बरसात में भूस्खलन से क्षतिग्रस्त संपर्क मार्ग बंद हो गया था। लेकिन इसे अभी तक दुरुस्त नहीं किया गया है।
बगड़ोली के पूर्व कैप्टन रमेश चंद धीमान, पूर्व प्रधान फलातू राम, पूर्व उपप्रधान सोमदत्त, ठाकुर दास, गोरखी राम, लाठी राम, पूर्ण चंद, ज्ञान चंद, कर्म चंद, रवि कुमार, देसराज ने कहा कि अगस्त 2018 से बंद पड़े रास्ते के कारण सारा सामान उठाकर ले जाना पड़ रहा है। वहीं, बच्चों, बुजुर्गों को बड़ी परेशानियां का सामना करना पड़ रहा हैं। ग्रामीणों ने ठेहड़ पंचायत के प्रधान से भी गुहार लगाई, लेकिन आश्वासन के सिवा लोगों को कुछ नहीं मिला। इसके चलते लोग लोकसभा चुनाव का विरोध कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि क्षतिग्रस्त संपर्क सड़क की मरम्मत के लिए तीन लाख रुपये मंजूर हो चुके हैं, लेकिन अभी तक इसका कार्य शुरू नहीं हो सका है।
उधर, पंचायत सचिव राम कुमार ने कहा कि इस कार्य को मनरेगा के तहत मंजूर करने का प्रावधान किया गया है, लेकिन इसके लिए अभी तक कोई धनराशि मंजूर नहीं हुई है।