ज्वालामुखी (कांगड़ा) ज्वालामुखी मंदिर में चल रहे कैनोपी लगाने के काम के दौरान वीरवार को एक बड़ा हादसा होने से टल गया। एंगल गिरने से उत्तर प्रदेश के इटावा की महिला श्रद्धालु और स्थानीय दुकानदार घायल हो गया। दुर्घटना वीरवार को दिन के समय घटी। महिला को सिर पर, जबकि स्थानीय निवासी के कंधे में चोट आई है। दोनों घायलों को ज्वालामुखी अस्पताल ले जाया गया। महिला के सिर पर टांके लगे हैं।
उत्तर प्रदेश के इटावा की महिला गीता देवी पत्नी बीरबल अपने परिवार के साथ मंदिर मार्ग नंबर-1 से मंदिर जा रही थी। मजदूर कैनोपी लगाने का काम कर रहे थे। अचानक लोहे का एंगल महिला और एक स्थानीय दुकानदार कुलभूषण पर गिरा गया।
कछुआ चाल से चल रहा काम
स्कूलों में वार्षिक परीक्षाएं होने और छह अप्रैल से नवरात्र शुरू होने से ज्वालामुखी मंदिर में श्रद्धालुओं की आमद बढ़ गई है। वहीं मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कैनोपी लगाई जा रही है। जिससे गर्मी के मौसम में मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को धूप से परेशानी न हो, लेकिन यह काम कछुआ चाल से चला हुआ है।
कुछ दिन के लिए रोका जाएगा काम
उधर, तहसीलदार जगदीश शर्मा ने बताया कि महिला के घायल होने की सूचना मिली है। कैनोपी के कार्य को कुछ दिनों के लिए रोक दिया जाएगा। क्योंकि नवरात्रों में अत्यधिक भीड़ यहां रहेगी। थाना प्रभारी पुरुषोत्तम धीमान ने बताया कि शिकायत आई थी। समझौता हो जाने के कारण मामला दर्ज नहीं हुआ।
---